Prayagraj News: कारोबारी की पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, दहेज हत्या का मामला दर्ज

Prayagraj News: कटरा लक्ष्मी टॉकीज के पास स्थित माधव कुंज में रहने वाले कारोबारी संदीप जायसवाल की पत्नी ज्योति शिवहरे (32) का शव 10 फरवरी को उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद कर्नलगंज थाना पुलिस ने संदीप और उनके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

दहेज की मांग और उत्पीड़न का आरोप

कानपुर नरवल निवासी ज्योति के भाई प्रदीप शिवहरे ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की शादी 28 नवंबर 2024 को संदीप जायसवाल से हुई थी, जो कटरा में कॉपी-किताब का कारोबार करते हैं। प्रदीप के मुताबिक, ससुराल वाले ज्योति से दहेज के अलावा 10 लाख रुपए नकद और फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग कर रहे थे। उनकी बहन को अच्छा व्यवहार नहीं मिलता था और मांग पूरी न होने पर मारपीट की जाती थी।

सुसाइड नोट और हत्या की आशंका

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें ज्योति ने जिंदगी से ऊबकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी। हालांकि, प्रदीप ने इसे हत्या का मामला बताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रदीप शिवहरे ने बताया कि वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं और उनकी तीन बहनों में ज्योति सबसे छोटी थी। ज्योति ने एमएससी तक पढ़ाई की थी और उनका सपना था कि वह अपने और अपने परिवार का नाम रोशन करें। लेकिन हालातों ने उनकी जिंदगी को दूसरी दिशा में मोड़ दिया।

कर्नलगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हर पहलू पर गहराई से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.