गैस सिलेंडर में लीकेज से लगी आग, पति-पत्नी समेत दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे

बाराबंकी। जिले में शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज होने से घर में अचानक आग लग गई। हादसे में पति-पत्नी समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड नंबर-4 निवासी अल्लू सोनी अपनी पत्नी वीना सोनी (36), बेटी वैष्णवी (13) और ढाई वर्षीय बेटे बालाजी के साथ रहते हैं। अल्लू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

यह भी पढ़े - बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ा डंफर, चार की मौत

बताया गया कि शुक्रवार सुबह वीना सोनी रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से जुड़ी पाइप में लीकेज होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह परिवार के चारों सदस्यों को घर से बाहर निकाला। तब तक अल्लू सोनी, उनकी पत्नी वीना, बेटी वैष्णवी और मासूम बालाजी गंभीर रूप से झुलस चुके थे।

घटना की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से सभी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और मजदूरी के सहारे जीवन यापन करता है। लोगों ने प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.