बलिया में 31 मई को होगी बीएड प्रवेश परीक्षा, 32 केंद्रों पर 13,900 अभ्यर्थी होंगे शामिल

बलिया। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और केंद्राध्यक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,900 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

यह भी पढ़े - टाउन हॉल रोड स्थित मिर्ची रेस्टोरेंट में लगी आग, बड़ा हादसा टला

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर वॉल प्वाइंट के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही गेट रहेगा तथा परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन में लगे कर्मचारियों की कड़ी निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक ऑब्जर्वर की तैनाती की जाएगी।

बैठक में सीसीटीवी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 30 परीक्षा केंद्रों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि दो केंद्रों पर कार्य शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने अगले दिन तक सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है।

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के बाहर बैग, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रवेश द्वार पर सघन जांच कराने के निर्देश भी दिए।

संभावित खराब मौसम को देखते हुए सभी केंद्रों पर पावर बैकअप की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी परीक्षा प्रभावित न हो।

बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.