- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हमीरपुर
- हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह मजदूरों की मौत, तीन घायल
हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, छह मजदूरों की मौत, तीन घायल
हमीरपुर। जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी और बारिश के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान बांदा जनपद के चिल्ला निवासी लोकेन्द्र (22) पुत्र राधेश्याम निषाद, कुलदीप निषाद (19) पुत्र प्रेमचंद, भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28), सभाजीत (30), हमीरपुर के स्वासा खुर्द निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) पुत्र राजेंद्र सिंह तथा अछपुरा निवासी राजेश पाल (42) पुत्र सभाजीत के रूप में हुई है।
वहीं अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हो गए। तीनों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने का कार्य जारी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं दबा है।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2060200593344679999?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2060200593344679999%7Ctwgr%5E43b2e976720aab99e682f90ce0488a2a501bf4e6%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.amritvichar.com%2Farticle%2F583324%2Fmajor-tragedy-in-hamirpur--six-laborers-dead--several-trapped-after-slab-of-under-construction-bridge-collapses
लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
यह पुल राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से स्वीकृत परियोजना के तहत मोराकांदर परसनी और नैठी गांव के बीच निर्माणाधीन था। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
