- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- पीलीभीत
- तीन दिन से लापता शिक्षक का खेत में मिला शव, हत्या की आशंका
तीन दिन से लापता शिक्षक का खेत में मिला शव, हत्या की आशंका
पीलीभीत/जहानाबाद। जहानाबाद थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता निजी स्कूल के शिक्षक का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। शव पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं, जबकि चेहरा भी एसिड से खराब किए जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार सुबह रिछा मार्ग पर ग्राम हैदरगंज के पास खेत में महेंद्रपाल का शव पड़ा मिला। शव के सिर, हाथ और कमर के पीछे धारदार हथियार के चोट के निशान पाए गए। इसके अलावा चेहरे को एसिड से खराब करने की आशंका भी जताई गई, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
