Road Accident in Ballia : सड़क हादसे में महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजपुर-टंडवा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर गांव निवासी राधिका देवी (45) पत्नी सरल राजभर अपने मायके टंडवा गांव में पिता के श्राद्ध संस्कार में शामिल होने आई थीं। बुधवार को श्राद्ध संस्कार सम्पन्न होने के बाद शुक्रवार को वह अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ पैदल राजपुर चट्टी सवारी वाहन पकड़ने जा रही थीं।

यह भी पढ़े - Ballia News : बांसडीह नगर पंचायत में विकास कार्य ठप, नामित सभासदों ने बोर्ड बैठक बुलाने की उठाई मांग

इसी दौरान टंडवा पोखरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राधिका देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.