- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सुखपुरा फुटबॉल टूर्नामेंट: पेनल्टी शूटआउट में झारखंड को हराकर पडरौना ने जीता खिताब
सुखपुरा फुटबॉल टूर्नामेंट: पेनल्टी शूटआउट में झारखंड को हराकर पडरौना ने जीता खिताब
बलिया: अमर सेनानियों की स्मृति में संत यतीनाथ मिनी स्टेडियम, सुखपुरा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन शुक्रवार को खिताबी मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में उत्तर प्रदेश की पडरौना टीम ने रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में रांची (झारखंड) को 9–8 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। इसी के साथ सात दिनों तक चले सुखपुरा खेल महोत्सव का भी समापन हो गया।

दूसरे हाफ के 5वें मिनट में झारखंड के टी. शेरिंग ने मैदानी गोल कर स्कोर 1–1 कर दिया। इसके बाद 25वें मिनट में यावर के गोल से झारखंड ने 2–1 की बढ़त बना ली। हालांकि, 30वें मिनट में पडरौना को मिले पेनल्टी स्ट्रोक को हैरी ने गोल में बदलकर मैच को फिर बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2–2 की बराबरी पर रहीं।
मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया। पहले चरण में दोनों टीमों ने 5–5 पेनल्टी ली, जिसमें स्कोर 4–4 रहा। इसके बाद अतिरिक्त पेनल्टी में पडरौना के खिलाड़ियों ने चार गोल किए, जबकि झारखंड की टीम तीन गोल ही कर सकी। इस तरह कुल स्कोर 9–8 रहा और पडरौना ने खिताब जीत लिया।
पडरौना के सूरज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में रेफरी की भूमिका अमल कुंवर, अजीत सिंह और राजू राय ने निभाई, जबकि अहमद खान और अजय सिंह गोल जज रहे। कमेंट्री राणा सिंह और उपेंद्र सिंह ने की।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि डॉ. सुषमा शेखर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्याम स्वरूप सिंह गुड्डु, ब्लॉक प्रमुख भोला सिंह, आयोजक उमेश सिंह, प्रधान अभिमन्यु चौहान, मानवेन्द्र सिंह (जिपंस), नितेश सिंह (मंडल अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से शिक्षक उमेश सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेधावी प्रतिभागियों का सम्मान
सुखपुरा खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित दौड़, कबड्डी, सामान्य ज्ञान और निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले एवं विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि डॉ. सुषमा शेखर द्वारा प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
