Muzaffarnagar News: कबड्डी की नेशनल खिलाड़ी दो बहनों की मौत, मोबाइल बना वजह या कुछ और?

मुजफ्फरनगर। गढ़मलपुर सागड़ी की रहने वाली नेशनल कबड्डी खिलाड़ी बहनें काजल और मनीषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सभी को झकझोर दिया है। दोनों बहनें कबड्डी की माहिर खिलाड़ी थीं और नेशनल यूथ गेम्स में अपनी पहचान बना चुकी थीं। अब यह दावा किया जा रहा है कि उनकी मौत की वजह सिर्फ मोबाइल फोन का इस्तेमाल था। यह बात किसी के गले नहीं उतर रही। पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

खेल से सफलता तक का सफर

किसान परिवार से आने वाली काजल और मनीषा को कबड्डी खेलने का जुनून था। उनके परिवार ने पढ़ाई और खेल के लिए हरसंभव मदद की। दोनों बहनें बुढ़ाना के डिग्री कॉलेज में पढ़ रही थीं। पिछले साल नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में उन्होंने एक साथ खेलते हुए ट्रॉफी जीती थी।

मोबाइल विवाद से जुड़ा मामला

परिजनों के अनुसार, बहनों में से एक का मोबाइल खराब हो गया था। जब उन्होंने नया मोबाइल मांगा, तो परिवार ने कुछ दिन इंतजार करने को कहा। इसके बाद वे बारी-बारी से मोबाइल का इस्तेमाल कर रही थीं। कहा जा रहा है कि इसी विवाद के बाद यह घटना हुई।

पुलिस की जांच जारी

फुगाना थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वाकई मौत की वजह सिर्फ मोबाइल विवाद था, या इसके पीछे कुछ और भी है।

एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि युवतियों के पिता से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांचा जा रहा है कि अगर दोनों की मौत एक साथ हुई थी, तो घटना की जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई।

गांव में खामोशी, पिता से पूछताछ जारी

घटना के बाद गांव में खामोशी है। ग्रामीण इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उधर, पुलिस ने खिलाड़ियों के पिता शौकीन को थाने बुलाकर पूछताछ की। एसपी देहात ने पुष्टि की है कि देर रात तक मामले की जांच और जानकारी जुटाई जा रही है।

सवाल जो अभी भी अनसुलझे हैं

  • क्या वाकई मोबाइल विवाद ही मौत की वजह है?
  • अगर दोनों बहनों ने खुदकुशी की है, तो इसके पीछे की असली वजह क्या है?

घटना की जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई?

पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है। बहनों की मौत ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.