बलिया में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस को छोड़ने पड़े आंसू गैस के गोले

बलिया। जिले के खेजुरी थाना क्षेत्र के हथौज गांव में मंगलवार को ग्राम सभा की गड़ही (तालाब) से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को करीब 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना में कुछ पुलिसकर्मी और राजस्वकर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, ग्राम सभा की लगभग चार बीघा भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए उच्च न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस व प्रशासनिक टीम का विरोध शुरू कर दिया। पथराव के चलते कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी।

यह भी पढ़े - Ballia News: ऑनलाइन हाजिरी में ‘खेल’ उजागर, दोषियों से रिकवरी के निर्देश

बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित की गई और प्रशासन ने तालाब के किनारे अवैध रूप से बने दो मकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई करीब डेढ़ घंटे तक चली।

प्रशासन के मुताबिक, ग्राम सभा भूमि पर अतिक्रमण के संबंध में वर्ष 2024 में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की गई थी। दिसंबर 2024 में न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की जा रही थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि राजस्व लेखपाल की तहरीर के आधार पर पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटा दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.