मेरठ में भीषण आग से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, महिला घायल

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में किदवई नगर इलाके में एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने सिविल अस्पताल में संवाददाताओं को बताया कि घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। उन्होंने कहा कि रात 8 बजकर 49 मिनट पर किदवई नगर स्थित इकबाल अहमद के मकान में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।

यह भी पढ़े - बलिया में बीच बाजार युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

एसएसपी ने बताया कि डायल 112 की पुलिस प्रतिक्रिया वाहन तीन मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थी और इसके तुरंत बाद दमकल विभाग की गाड़ियां भेजी गईं। मकान में सिलाई और ऑनलाइन कारोबार से जुड़ा कपड़ों का बड़ा भंडार रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।

उन्होंने कहा कि इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में कठिनाई हुई, जिसके चलते अग्निशमन विभाग की नई मोटरसाइकिल यूनिट को भी राहत कार्य में लगाया गया। स्थानीय लोगों ने भी सीढ़ी लगाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस के अनुसार, आग में झुलसने से सात लोग घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने इनमें से छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रुखसार (25), महबीश (12), हम्माद (4), अकदस (4), नबिया (चार माह) और इनायत (चार माह) के रूप में हुई है। वहीं, अमीर बानो (55) का इलाज जारी है।

जिलाधिकारी वी.के. सिंह ने घटना को “हृदय विदारक और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण किसी मशीन या विद्युत उपकरण में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है और विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों को लगाया गया और स्थानीय निवासियों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और जांच के बाद वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

पुलिस के अनुसार, परिवार ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है और अब तक किसी प्रकार की मुआवजा सहायता की मांग नहीं की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। लखनऊ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.