- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत, अवैध अस्पताल सील
बलिया में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत, अवैध अस्पताल सील
बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया कस्बे में संचालित एक कथित अवैध अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई, जबकि नवजात शिशु स्वस्थ बताया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने अस्पताल को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के चिकित्सकों की टीम के साथ अस्पताल को सील कर दिया गया। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर, संचालक और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन और रक्त चढ़ाने की कोई व्यवस्था नहीं थी। महिला की हालत गंभीर होने पर रेफर करने की मांग की गई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उसे कहीं नहीं भेजा और कथित रूप से परिजनों से 50 हजार रुपये भी जमा कराए। दोपहर बाद महिला की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक बैरिया आर.पी. सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेज, लेटर पैड और अन्य सामग्री जब्त कर ली है।
