बलिया में बीच बाजार युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर

बलिया। बैरिया बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्टेट बैंक शाखा के सामने मनबढ़ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

बैरिया थाना क्षेत्र के नवका टोला निवासी विशाल प्रताप सिंह (25) को गंभीर हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

यह भी पढ़े - कुशीनगर में बनेगी अत्याधुनिक केला टिशू कल्चर लैब, 4.01 करोड़ रुपये स्वीकृत

घायल विशाल ने बताया कि वह अपने साथी अमन सिंह (निवासी टोला सेवक राय) के साथ बाइक से बैरिया बाजार चिकन खरीदने गया था। खरीदारी के बाद जैसे ही दोनों स्टेट बैंक के सामने पहुंचे, तभी चार युवकों ने बाइक रुकवाने का इशारा किया। बाइक रोकने पर हमलावरों ने बात करने के बहाने विशाल को कुछ दूरी पर ले जाकर अचानक हमला कर दिया।

आरोप है कि एक हमलावर के हाथ में हॉकी थी, जबकि तीन के हाथों में चाकू थे। अचानक हुए हमले से बाजार में भगदड़ मच गई, जबकि हमलावर आराम से फरार हो गए।

सूचना पर पहुंचे बैरिया चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घायल युवक का बयान अस्पताल में दर्ज कर लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.