मथुरा में हंगामा करने के आरोप में 19 गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा एक्शन

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध गौसेवक बाबा चंद्रशेखर दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद विरोध प्रदर्शन के दौरान हंगामा और राजमार्ग जाम करने के आरोप में पुलिस ने एक कथित शातिर अपराधी समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात बाबा चंद्रशेखर दास की मौत के बाद शनिवार सुबह उनके समर्थक और शिष्य बड़ी संख्या में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकत्र हो गए और जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मथुरा के तीन दिवसीय दौरे पर गोवर्धन में दर्शन-पूजन कर रही थीं।

यह भी पढ़े - बलिया : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने न केवल राजमार्ग जाम किया, बल्कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पथराव भी किया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि करीब 25 अन्य लोगों को भी चोटें आईं। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।

पुलिस ने इस संबंध में कोसीकलां थाने में मुकदमा दर्ज कर गाजियाबाद निवासी कथित शातिर अपराधी दक्ष चौधरी समेत 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया गया है कि दक्ष चौधरी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह प्रदर्शन की आड़ में तोड़फोड़, लूट और हमले जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है।

पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार लोगों में बाबा के करीबी शिष्य भूरा और उसके साथी भी शामिल हैं।

प्रदर्शनकारी बाबा की मौत को हत्या बताते हुए कथित गोकशों पर आरोप लगा रहे थे, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। पुलिस के अनुसार, जिस ट्रक की चपेट में आने से बाबा की मौत हुई, उसके चालक की भी मृत्यु हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि बाबा के शिष्यों द्वारा पोस्टमार्टम न कराने की मांग पर शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार कराया गया।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश ने आश्वासन दिया कि अजनौंख स्थित गौशाला में बाबा की स्मृति में समाधि स्थल बनाया जाएगा और वहां सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गौशाला में मौजूद लगभग 400 गायों के चारे-पानी की व्यवस्था फिलहाल प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.