- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
बलिया : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
बलिया: गड़वार थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश टेंगर नट को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि 14 मार्च की रात करीब 10:15 बजे गड़वार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी बदमाश टेंगर नट पुत्र हरेन्द्र नट (निवासी खरहाटार, थाना गड़वार) जोगापुर श्मशान घाट के पास नहर किनारे मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी रतसर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गड़वार, सुखपुरा और नगरा थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
