बलिया में आग का कहर : बेटी की शादी का सामान और नगदी जलकर राख, किशोरी झुलसी

बलिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर (पांडेय डेरा) में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से 10 रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में घर-गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया, जबकि एक किशोरी झुलस गई है, जिसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, जोगिंदर गोंड का परिवार रात में खाना खाकर सो रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देखते ही परिवार के लोग बाहर निकलकर शोर मचाने लगे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़े - वाराणसी : गंगा में नाव पर इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने का मामला, 14 लोग गिरफ्तार

घटना के दौरान झोपड़ी में रखे दो रसोई गैस सिलेंडर फट गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। आग की चपेट में आकर रामायण गोंड, वीरेंद्र गोंड, भरत गोंड, संतोष गोंड, वकील पासवान, पुष्पा देवी और दंगल पासवान की झोपड़ियां भी जलकर खाक हो गईं।

आग में जोगिंदर गोंड की 13 वर्षीय पुत्री अंबिका झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, वकील पासवान की झोपड़ी में बंधी बकरी भी जलकर मर गई।

पीड़ित जोगिंदर गोंड ने बताया कि उनकी बेटी की शादी अप्रैल 2026 में तय थी, जिसके लिए घर में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, आभूषण और अन्य सामान रखा था, जो आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.