बलिया का यह सरकारी स्कूल बना मिसाल, नए सत्र में ऐसे करेगा बच्चों का स्वागत

बलिया। बेलहरी ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुधैला ने अपनी निरंतर प्रगति से एक नई पहचान बनाई है। प्रभारी प्रधानाध्यापक आदर्श सिंह के प्रयासों से यह विद्यालय अब बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाना जा रहा है।

विद्यालय में जुलाई 2013 में जब आदर्श सिंह ने कार्यभार संभाला था, तब यहां मात्र 73 छात्र नामांकित थे। लगातार प्रयासों और नवाचार के चलते आज छात्र संख्या बढ़कर 188 पहुंच गई है। विद्यालय का शैक्षणिक माहौल और संसाधन इतने बेहतर हो चुके हैं कि यह निजी स्कूलों को भी टक्कर दे रहा है।

यह भी पढ़े - बलिया में भीषण आग : मां-बेटे की जिंदा जलकर मौत, पति घायल

img-20260321-wa0035.jpg

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहले विद्यालय को आकर्षक रूप से सजाया गया है। कक्षाओं का रंग-रोगन, दीवारों पर शैक्षिक वॉल पेंटिंग और सुसज्जित परिसर बच्चों और अभिभावकों को आकर्षित कर रहा है। सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण से अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ा है।

प्रधानाध्यापक आदर्श सिंह ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने विद्यालय के विकास का संकल्प लिया और निरंतर प्रयास किया। शुरुआती समय में केवल दो लोग ही विद्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन टीमवर्क और समर्पण के बल पर विद्यालय की तस्वीर बदली गई। वर्तमान में सहायक अध्यापक धीरज कुमार सिंह भी इस प्रयास में सहयोग कर रहे हैं।

img-20260321-wa0056.jpg

विद्यालय में बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर उन्हें वैज्ञानिक और आधुनिक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। इसका परिणाम यह रहा कि कई छात्र राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा में सफल हुए हैं और आगे बेहतर संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

img-20260321-wa0055.jpg

प्रधानाध्यापक ने बताया कि भविष्य में भी विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और छात्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे अपने कौशल के अनुसार आगे बढ़ सकें।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.