प्रेमी के साथ दिखी बहन, भाइयों ने लोहे की रॉड से पीटकर की हत्या; शव गोरखपुर ले जाकर जलाया

महराजगंज : पनियरा थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रेमी के साथ देखे जाने पर नाराज भाइयों ने अपनी ही 19 वर्षीय बहन की लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए शव को गोरखपुर ले जाकर जला दिया। प्रेमी को भी बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात युवती से मिलने उसका प्रेमी रवि कुमार गुप्ता उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान बाहर से लौटे एक भाई ने दोनों को साथ देख लिया। गुस्से में उसने अपने दो अन्य भाइयों को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर दोनों को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस बर्बर पिटाई में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। आरोपियों ने उसका पीछा किया और उसके घर के पास जाकर फिर उसकी पिटाई की। उसे मरा समझकर आरोपी वहां से फरार हो गए।

हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को छिपाने की साजिश रची। शुक्रवार सुबह युवती के शव को पिकअप वाहन में लादकर गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र स्थित सिसई घाट ले जाया गया, जहां चोरी-छिपे उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घर में पड़े खून के निशान भी साफ कराए गए और खून से सने कपड़ों को जला दिया गया।

घायल युवक रवि को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां होश में आने के बाद उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद युवक के परिवार ने पुलिस को मारपीट की तहरीर दी, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बताया जा रहा है कि जब पुलिस युवती की तलाश में जुटी, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार को सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आरोपी कमलेश और अमलेश निवासी भवानीपुर टोला अमहिया थाना पनियरा को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

देवरिया में झोपड़ी में लगी भीषण आग, तीन बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख देवरिया में झोपड़ी में लगी भीषण आग, तीन बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख
देवरिया : जिले के खुखुन्दू थाना क्षेत्र के पकड़ी ओझा गांव में सोमवार देर रात एक झोपड़ी में अचानक आग...
अग्निकांड पीड़ितों की मदद को बढ़े हाथ, शिक्षक दंपति ने 103 परिवारों तक पहुंचाई राहत सामग्री
बलिया में 22 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला, 25 हजार तक वेतन पर युवाओं को मिलेगा नौकरी का मौका
प्रयागराज जंक्शन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य: कई ट्रेनों का रूट बदला, कुछ शॉर्ट टर्मिनेट और पुनर्निर्धारित
बलिया में वाहनों के अवैध मॉडिफिकेशन पर सख्ती, प्रेशर हॉर्न-साइलेंसर लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.