- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP News : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव टलना तय, प्रशासक समिति पर मंथन
UP News : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव टलना तय, प्रशासक समिति पर मंथन
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आगे बढ़ना लगभग तय माना जा रहा है। आगामी 26 मई को ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि चुनाव होने तक पंचायतों का कामकाज कैसे संचालित होगा।
प्रदेश में 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें हैं। गांव-गांव पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन और मतदाता सूची के अंतिम रूप लेने की प्रक्रिया के कारण चुनाव फिलहाल अटका हुआ है।
चुनाव से जुड़ा मामला अदालत में विचाराधीन है और अब काफी कुछ कोर्ट के रुख पर निर्भर करेगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए पंचायत चुनाव का समय पर होना मुश्किल माना जा रहा है।
ऐसे में अब यह तय किया जाना है कि पंचायतों में प्रशासक समिति गठित की जाएगी या एडीओ पंचायत प्रशासक के रूप में कामकाज संभालेंगे।
प्रशासक समिति का प्रमुख सामान्यतः ग्राम प्रधान होता है और इसमें पंचायत के अन्य सदस्य भी शामिल रहते हैं। माना जा रहा है कि सरकार प्रशासक समिति के गठन को मंजूरी दे सकती है।
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने में अभी लगभग एक महीना शेष है और इससे पहले इस विषय पर निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि फिलहाल मामला कोर्ट में है और अदालत के रुख के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
