- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News : गाजीपुर किशोरी मौत मामले पर सियासत तेज, सपा-कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
Lucknow News : गाजीपुर किशोरी मौत मामले पर सियासत तेज, सपा-कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं पुलिस-प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि वह 29 अप्रैल को कटारिया गांव पहुंचकर पीड़िता के परिवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले सपा का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था, जहां पथराव की घटनाएं भी सामने आई थीं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक बेटी के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या के बाद परिवार को प्राथमिकी दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां और हिंसा हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी या गरीब होती है और अपराधियों को संरक्षण मिलता है, जबकि पीड़ित परिवार को प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।
राहुल गांधी ने कहा कि जिस प्रदेश में माता-पिता को अपनी बेटी की एफआईआर दर्ज कराने के लिए भीख मांगनी पड़े, उस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, उच्च स्तरीय जांच और त्वरित न्याय की मांग की।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गाजीपुर में लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज करने में आनाकानी हुई, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलीं और दबंगों ने अराजकता फैलाने की कोशिश की।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार चरम पर है और हर बार पीड़िता को ही प्रताड़ित किया जाता है।
उधर, वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया ने बताया कि 14-15 अप्रैल की रात लड़की लापता हुई थी और अगली सुबह उसका शव गंगा नदी के पुल के पास मिला था।
उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एडीजी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मृतका के परिवार से मुलाकात की। पिता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई पर संतुष्टि जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों ने त्वरित अदालत में मुकदमा चलाकर आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग की है। घटना के बाद कुछ बाहरी लोगों द्वारा गांव में अशांति फैलाने की कोशिश भी की गई।
