- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बहराईच
- Bahraich News : पुतला दहन के दौरान भड़की आग, भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल झुलसीं
Bahraich News : पुतला दहन के दौरान भड़की आग, भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल झुलसीं
बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। जिला मुख्यालय स्थित डीएम चौराहे पर विपक्ष के खिलाफ पुतला दहन के दौरान अचानक आग भड़कने से सदर विधायक और पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल झुलस गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता शनिवार दोपहर डीएम चौराहे पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं के पुतले जलाए जा रहे थे।
इसी बीच आग की लपटें अचानक तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि पुतले में ज्वलनशील सामग्री अधिक होने या भीतर किसी विस्फोटक तत्व के कारण तेज धमाका हुआ, जिससे आग का रुख बदल गया और विधायक अनुपमा जायसवाल उसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में विधायक के चेहरे का अगला हिस्सा झुलस गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम तत्काल रोकना पड़ा।
विधायक को प्राथमिक उपचार के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि चेहरे पर जलन के कारण उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मेडिकल कॉलेज पहुंचे और विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पुतले में इस्तेमाल ज्वलनशील पदार्थ के अनियंत्रित दहन से यह हादसा हुआ।
अधिकारियों ने कहा है कि यह भी जांच की जाएगी कि पुतला दहन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई।
इस घटना के बाद राजनीतिक प्रदर्शनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर पुतला दहन के दौरान ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग और सुरक्षा घेरा तय न होने को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
