UP Board Result 2026 : यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट घोषित, हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% छात्र पास

लखनऊ : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। करीब 51 लाख छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म होते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में 90.42 प्रतिशत और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में 80.38 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं।

यह भी पढ़े - आरटीई के तहत यूपी में एक लाख से अधिक बच्चों को निजी स्कूलों में मिला दाखिला

फरवरी से मार्च के बीच आयोजित इन परीक्षाओं में लगभग 51 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। हाईस्कूल परीक्षा में करीब 26 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में लगभग 25 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

राज्य के 8033 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक परीक्षाएं आयोजित की गई थीं।

यूपी बोर्ड देश के सबसे बड़े राज्य बोर्डों में शामिल है। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के बाद मूल्यांकन कार्य भी तेजी से पूरा किया गया, जिसके चलते कम समय में परिणाम घोषित हो सका।

पिछले साल कैसा रहा था रिजल्ट

साल 2025 में करीब 26 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 81.15 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए थे। पिछले वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा था। वर्ष 2025 में 86.37 प्रतिशत छात्राओं ने सफलता प्राप्त की थी।

यहां देखें अपना रिजल्ट

यूपी बोर्ड ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को सूचित किया है कि वे अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट

www.upmsp.edu.in

और

results.digilocker.gov.in

पर देख सकते हैं।

टॉपर्स को मिलेगा इनाम

यूपी बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को योगी सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। टॉपर्स को 1 लाख रुपये की नगद राशि, एक लैपटॉप और प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

इसके अलावा राज्य स्तर के टॉपर्स के साथ-साथ जिले में अव्वल आने वाले छात्रों को भी 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.