UP News : मऊ में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रहे परिवार के 5 लोगों की मौत

मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के मां-बाप, बेटे समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार रांची में बेटी की शादी कराकर स्कॉर्पियो से गोरखपुर लौट रहा था।

हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा बशारतपुर के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। आसपास के लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

हादसे की शुरुआती वजह ड्राइवर को झपकी आना मानी जा रही है।

गोरखपुर के खोराबार गांव निवासी विनय श्रीवास्तव प्राइवेट टीचर थे। उनकी बेटी विमन्सा की शादी रांची में तय हुई थी। 20 अप्रैल को शादी संपन्न होने के बाद परिवार 24 अप्रैल को किराए की स्कॉर्पियो से गोरखपुर लौट रहा था।

लंबी दूरी को देखते हुए गाड़ी में दो ड्राइवर भी थे। हादसे के समय स्कॉर्पियो ड्राइवर पुरुषोत्तम चला रहा था। उसके बगल में विनय श्रीवास्तव बैठे थे। बीच की सीट पर उनकी पत्नी, बेटा और पालतू कुत्ता था, जबकि पीछे की सीट पर दूसरा ड्राइवर नीतीश आराम कर रहा था।

अचानक स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद ट्रेलर कई मीटर तक स्कॉर्पियो को घसीटता चला गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

इस हादसे में विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48), बेटे कृतार्थ (27), ड्राइवर नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) की मौत हो गई। दोनों चालक बिहार के गया जिले के रहने वाले थे।

थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी के अनुसार, शव स्कॉर्पियो में बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए गैस कटर और ट्रैक्टर मंगाना पड़ा। गाड़ी को काटकर और ट्रेलर से अलग कर शव बाहर निकाले गए।

शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.