बलिया में आमने-सामने बाइक टक्कर, एक युवक की मौत, दूसरा घायल

बलिया : दुबहर थाना क्षेत्र के कन्हई मठ (जनाड़ी ईंट भट्ठा) के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, घोड़हरा निवासी 28 वर्षीय राजूराम और 30 वर्षीय प्रदीप राम एक ही बाइक से बलिया की ओर जा रहे थे। भीड़-भाड़ से बचने के लिए दोनों ने रिंग बांध का रास्ता चुना था।

यह भी पढ़े - बलिया में ‘टॉवर वाला प्रेम’ फिर चढ़ा परवान, शादी की जिद में युवक 80 फीट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ा

वे जनाड़ी ईंट भट्ठे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राजूराम की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

वहीं, प्रदीप राम का इलाज बलिया ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने राजूराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

राजूराम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीछे पत्नी, दो नन्हीं बेटियां, वृद्ध माता-पिता और भाई-बहन बेसहारा हो गए हैं। पत्नी की चीख-पुकार और परिजनों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.