बिजली कटौती पर व्यापारियों का विरोध, बिना सूचना लाइट न काटने पर बनी सहमति

लखनऊ : बढ़ती गर्मी और बाजारों में बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर बुधवार को लखनऊ व्यापार मंडल और बिजली विभाग के अभियंताओं के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने बिना पूर्व सूचना बिजली काटे जाने पर कड़ा विरोध जताया।

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अमीनाबाद, लालबाग, लाटूश रोड, मौलवीगंज, हजरतगंज सहित कई प्रमुख बाजारों के व्यापारी नेता और बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता समेत कई अधिकारी शामिल हुए।

यह भी पढ़े - आरटीई के तहत यूपी में एक लाख से अधिक बच्चों को निजी स्कूलों में मिला दाखिला

व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि बिना प्रथम सूचना के बिजली कटौती नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि इससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

इस मांग पर अधिकारियों ने सहमति जताई और तत्काल एक ग्रुप बनाया गया, जिसमें लखनऊ व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और बिजली विभाग के अधिकारियों को जोड़ा गया, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

व्यापारियों ने यह भी मांग रखी कि किसी भी तकनीकी खराबी या फाल्ट की स्थिति में पूरे फीडर की बिजली बंद न की जाए, बल्कि केवल उसी ट्रांसफार्मर की आपूर्ति रोकी जाए, जहां समस्या उत्पन्न हुई हो। इस प्रस्ताव पर भी आम सहमति बनी।

बाजारों में बिजली के तारों के मकड़जाल को कम करने की मांग पर अधिकारियों ने कहा कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द सुधार दिखाई देगा।

इसके अलावा अधिकारियों ने रस्सी बटान, चिक मंडी और जनाना पार्क क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के लिए व्यापारियों से सहयोग मांगा, जिस पर व्यापारियों ने सहमति दे दी।

बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, स्टेशनरी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, केदार वाजपेयी, अतुल टंडन, संजीव अग्रवाल, मुकेश सक्सेना, सुमित साहू, आरिफ, विशाल गौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के अवर अभियंता, एसडीओ और अधिशासी अभियंता समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.