मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो में लगी आग; 6 से अधिक लोगों के जिंदा जलने की आशंका

मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर बुधवार रात करीब आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक एक बोलेरो वाहन में आग लग गई, जिससे उसमें सवार लोगों के बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 6 से अधिक लोगों के जिंदा जलकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन घाटी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी से भरे ट्रक से जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर के बाद बोलेरो दोनों ट्रकों के बीच फंस गई और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि बोलेरो में बैठे यात्री आग की लपटों में घिर गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी बेबस नजर आए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पुलिस ने जले हुए शवों को बाहर निकालकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.