- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
बलिया : सुखपुरा थाना क्षेत्र के भलूही गांव के एक बगीचे में आम के पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका मिलने से बुधवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सुनील मंगलवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर बगीचे में आम के पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह सुनील चौहान है।
घटना की खबर फैलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही सुखपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
थानाध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
