- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रयागराज
- शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
प्रयागराज : फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवती ने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया। घटना बुढ़िया का इनारा बाजार की है, जहां युवती के इस कदम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। किसी ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई और अपनी जिद पर अड़ी रही।
हालात गंभीर होते देख मौके पर मौजूद तीन स्थानीय युवकों ने साहस दिखाया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ाई की और सूझबूझ के साथ युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ फूलपुर कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।
जांच में पता चला कि युवती का अपने प्रेमी से काफी समय से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच शादी की बात भी चल रही थी। हालांकि, प्रेमी के परिवार ने एक ही परिवार की दो लड़कियों से रिश्ता होने का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया।
इसी बात से आहत होकर युवती ने यह खतरनाक कदम उठाया। पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
