सीएम योगी ने गोरखपुर की फोरलेन सड़क और आरओबी परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी के दिए निर्देश

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में निर्माणाधीन डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से महेसरा पुल तक फोरलेन सड़क और डोमिनगढ़ में बन रहे रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजघाट पुल से हाबर्ट बंधा होते हुए डोमिनगढ़, कोलिया, गाहासाढ़ बंधा होते हुए जंगल कौड़िया-कालेसर मार्ग तक फोरलेन सड़क निर्माण की भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने इन तीनों परियोजनाओं को सुगम यातायात और बाढ़ से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े - तहसील समाधान दिवस में 180 शिकायतें पहुंचीं, 18 का मौके पर निस्तारण

ईको पार्क सहित 1055 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री निरीक्षण के लिए पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने लालडिग्गी के आगे बंधे पर रुककर फोरलेन सड़क परियोजना के ड्राइंग मैप का अवलोकन किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 के अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम में और तेजी लाकर इसे जल्द से जल्द जनता को समर्पित किया जाए।

इसके बाद सीएम योगी इलाहीबाग के पास बंधे पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने सितंबर 2026 की निर्धारित समयसीमा के बजाय जुलाई 2026 तक ही फोरलेन का काम पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुए कहा कि महेसरा तक बनने वाले फोरलेन के अंतिम छोर को सुंदर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वहां स्थित वाटर बॉडी के आसपास पड़ी भूमि को ईको पार्क की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है।

फोरलेन सड़क के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डोमिनगढ़ चौकी के पास जगतबेला-डोमिनगढ़ रेल सेक्शन पर रहमतनगर-माधोपुर रोड पर बन रहे रेल उपरिगामी पुल की प्रगति देखने पहुंचे। ड्राइंग मैप देखने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर में जीवन सुगमता के लिए विकास की नई श्रृंखला तैयार हो रही है। उन्होंने कहा कि हाबर्ट बंधा, डोमिनगढ़ बंधा पर फोरलेन सड़क और डोमिनगढ़ में आरओबी बनने से घुनघुनकोठा, जगतबेला और आसपास के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि फोरलेन के रूप में तटबंध मजबूत होने से बाढ़ से भी सुरक्षा मिलेगी। साथ ही जंगल कौड़िया, कालेसर और सोनौली मार्ग तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से बसियाडीह मंदिर होते हुए महेसरा पुल के पास गोरखपुर-सोनौली मार्ग तक 10.2 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण 379.54 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

वहीं, राजघाट पुल से हाबर्ट बंधा होते हुए जंगल कौड़िया-कालेसर मार्ग तक 4.07 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क 195.21 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है, जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।

इसके अलावा जगतबेला-डोमिनगढ़ रेल सेक्शन पर 132.60 करोड़ रुपये की लागत से 755 मीटर लंबे रेल उपरिगामी पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसे दिसंबर 2027 तक पूरा किया जाना है।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद गोरखपुर से सोनौली मार्ग तक सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.