बलिया में हीटवेव को लेकर प्रशासन अलर्ट, लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी

बलिया : ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान और लू (हीटवेव) के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यदि किसी स्थान का तापमान लगातार तीन दिनों तक सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है, तो उसे हीटवेव माना जाता है। वहीं, विश्व मौसम संगठन (WMO) के अनुसार यदि पांच दिनों तक तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहे या लगातार दो दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाए, तो भी लू की स्थिति मानी जाती है।

यह भी पढ़े - जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, दो चरणों में होगा कार्य : डीएम ने दिए प्रशिक्षण और स्वगणना के निर्देश

उन्होंने कहा कि अधिक तापमान में लंबे समय तक रहने, गर्म हवाओं के संपर्क में आने तथा शरीर में पानी और नमक की कमी होने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। बुजुर्गों, हृदय रोगियों, मधुमेह से पीड़ित लोगों, मोटापे से ग्रस्त व्यक्तियों और कुछ विशेष दवाओं का सेवन करने वालों में इसका जोखिम अधिक होता है।

लू लगने के प्रमुख लक्षणों में त्वचा का गर्म और सूखा होना, पसीना न आना, तेज नाड़ी, तेज सांस, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी, भ्रम की स्थिति और बेहोशी शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार शरीर का तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर मस्तिष्क और अन्य आंतरिक अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनने, धूप में निकलते समय टोपी, छाता और चश्मे का उपयोग करने तथा यात्रा के दौरान पानी साथ रखने की सलाह दी है। इसके अलावा ओआरएस, लस्सी, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थ लेने और घर को ठंडा रखने के लिए पर्दों व वेंटिलेशन का उपयोग करने को कहा गया है।

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने, भारी व गहरे रंग के कपड़े न पहनने तथा अधिक प्रोटीन, बासी भोजन, शराब और कैफीन से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करें और आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने विशेष रूप से श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी।

प्रशासन ने नागरिकों से हीटवेव से संबंधित चेतावनियों पर ध्यान देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.