बंद रेलवे फाटक तोड़ ट्रैक पर पहुंचा ऑटो, सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा

बलिया : बेल्थरा रोड के मधुबन ढाला रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। बेल्थरा रोड से मधुबन की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ऑटो बंद रेलवे फाटक को टक्कर मारते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया।

घटना के समय मऊ की ओर से एक मालगाड़ी गोविंदपुर दुगौली हाल्ट के पास पहुंच चुकी थी। स्थिति गंभीर होते देख केबिन मैन ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए रेलवे जीआरपी को सूचना दी।

यह भी पढ़े - घर पर हमला कर 19 वर्षीय युवती का अपहरण, अश्लील वीडियो वायरल कर दी जा रही धमकी

इसके बाद क्षतिग्रस्त फाटक को बंद कराने के साथ ही रेलवे ट्रैक को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई। समय रहते ऑटो को पटरी से हटवा दिया गया, जिससे मालगाड़ी सुरक्षित गुजर गई और बड़ा हादसा टल गया।

फाटक क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 40 मिनट तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बाइक, कार, बस और ट्रक समेत सभी वाहन जाम में फंसे रहे। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।

सूचना पर पहुंचे आरपीएफ जवान प्रमोद कुमार ने स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलवे कर्मियों और पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से लगभग 40 मिनट की मशक्कत के बाद फाटक को दुरुस्त कर आवागमन बहाल कराया गया।

जीआरपी ने ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.