मुरादाबाद में अप्रैल में ही 41 डिग्री पहुंचा पारा, हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी

मुरादाबाद : जिले में इस बार भीषण गर्मी पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अप्रैल महीने में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा और बढ़ने की संभावना जताई है।

अब तक गर्मी के मौसम में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान सामान्य माना जाता रहा है, लेकिन इस बार अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में ही बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा तैयार सिटी हीट एक्शन प्लान 2026 में मई और जून को सबसे अधिक गर्म महीना माना गया है। प्रशासन का मानना है कि इस बार तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है, जिससे लू और हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ेगा।

स्थिति को देखते हुए कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी विभागों और तहसीलों को लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जिला आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अनुज सिंह और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय के निर्देश पर सभी विभागों को समन्वय के साथ लू और भीषण गर्मी से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण

अपर जिलाधिकारी ममता मालवीय ने बताया कि हीट स्ट्रोक, हीट रैश और हीट क्रैम्प के लक्षणों में कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उबकाई, अत्यधिक पसीना आना और मूर्छा शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करना चाहिए।

बचाव के लिए जरूरी उपाय

प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक पानी पीने की अपील की है। हल्के रंग के और पसीना सोखने वाले कपड़े पहनने, धूप के चश्मे, छाता, टोपी और चप्पल का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

खुले में काम करने वालों को सिर, चेहरा, हाथ और पैरों को गीले कपड़े से ढककर रखना चाहिए। यात्रा के दौरान पानी साथ रखना जरूरी है।

इसके अलावा ORS, लस्सी, छाछ, नींबू पानी और चावल का माड़ जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दों और दरवाजों का सही उपयोग करें तथा शाम और रात में कमरों को ठंडा करने के लिए उन्हें खुला रखें।

गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों और धूप में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.