मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 5 की मौत; 15 घायल

लखीमपुर खीरी : गुरुवार को मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। इनमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्रॉली में लगभग 50 लोग सवार थे, जो बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र स्थित कारीकोट मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

सभी मृतक और घायल शारदानगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसा पढुआ थाना क्षेत्र में बोझिया पंप और औघड़ बाबा स्थान के बीच हुआ। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.