- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- घर पर हमला कर 19 वर्षीय युवती का अपहरण, अश्लील वीडियो वायरल कर दी जा रही धमकी
घर पर हमला कर 19 वर्षीय युवती का अपहरण, अश्लील वीडियो वायरल कर दी जा रही धमकी
बलिया : बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा घर पर हमला कर 19 वर्षीय युवती के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने पहले घर पर ईंट-पत्थर चलाकर दहशत फैलाई, फिर बाहर निकली युवती का मुंह दबाकर उसे जबरन उठा ले गए।
पीड़ित मां ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब 11:45 बजे गांव के ही करण बिंद, विशाल साहनी, गणेश साहनी और मनु बिंद ने उनके घर पर हमला बोल दिया। अचानक ईंट गिरने की आवाज सुनकर जब उनकी बेटी दरवाजे पर पहुंची, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन अपने साथ उठा ले गए।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने मुख्य आरोपी करण बिंद के मोबाइल पर संपर्क किया, तो उसने गाली-गलौज करते हुए पुलिस के पास जाने पर युवती की हत्या करने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी करण अपनी सोशल मीडिया आईडी से युवती के अश्लील वीडियो भी प्रसारित कर रहा है। इससे परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रार्थिनी ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है या उसे गलत धंधे में धकेला जा सकता है। घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
