घोड़े के साथ क्रूरता का वीडियो वायरल, पेटा इंडिया की शिकायत पर तांगा चालक पर मुकदमा दर्ज

बलिया : सहतवार थाना क्षेत्र के एक गांव में घोड़े के साथ बेरहमी और क्रूरता का मामला सामने आने के बाद पशु अधिकार संगठन पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (पेटा इंडिया) ने कार्रवाई कराई है। सोशल मीडिया पर घोड़े को पीटने और उसे अपंग बनाने की कोशिश का वीडियो वायरल होने के बाद खोरौली गांव निवासी बुद्धू पासवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया गया था, जिसमें आरोपी बुद्धू पासवान घोड़े की टांगों को गाड़ी से और मुंह को रस्सी से कसकर बांधे हुए दिखाई दे रहा था। इसके बाद वह असहाय पशु को डंडे से बेरहमी से पीटता नजर आया। बताया जा रहा है कि घोड़े को तब तक पीटा गया, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया।

यह भी पढ़े - बलिया में सड़क हादसे: स्कॉर्पियो-ई-रिक्शा टक्कर में 5 घायल, भीमपुरा में बाइक सवार युवक की मौत

पेटा इंडिया ने वीडियो में बज रहे गीतों और अन्य संकेतों के आधार पर घटना स्थल की पहचान बलिया के रूप में की। मामला तूल पकड़ने के बाद आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटा दिए, लेकिन पेटा इंडिया ने डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिए।

पेटा इंडिया की प्रतिनिधि ऋषिका राय द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यह कृत्य पशु को अपंग करने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

पत्र में सर्वोच्च न्यायालय के उस ऐतिहासिक फैसले का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें पशुओं को क्रूरता मुक्त जीवन जीने का अधिकार दिया गया है।

संगठन ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर घोड़े को जब्त किया जाए। साथ ही पेटा ने पीड़ित घोड़े को बुलंदशहर स्थित एनिमल राहत सैंक्चुरी में पुनर्वासित करने का प्रस्ताव भी दिया है, ताकि उसे उचित इलाज और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में पता चला है कि वायरल वीडियो काफी पुराना है। आरोपी बुद्धू पासवान तांगा चालक है, जिसने चार-पांच महीने पहले घोड़ा बेच दिया था और फिलहाल वह कहीं चला गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.