लखनऊ में ट्रेन से कटकर दो युवतियों की मौत, गांव में पसरा मातम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में दो युवतियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि दोनों युवतियों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा रहीमाबाद और दिलावरनगर रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुआ, जब डाउन बॉक्स एन ट्रेन की चपेट में आने से दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ट्रेन चालक ने घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

यह भी पढ़े - सुलतानपुर: क्लोन ट्रेडिंग ऐप से करोड़ों की ठगी का खुलासा, असम और मुंबई से 7 आरोपी गिरफ्तार

रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक के पास पड़े शवों को कब्जे में लिया।

पुलिस की मदद से आसपास के गांवों में पहचान कराई गई, जिसके बाद दोनों मृतकों की पहचान रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मनकौटी निवासी के रूप में हुई। मृतक युवतियों में 20 वर्षीय शशी पुत्री अशर्फी लाल और 20 वर्षीय नीतू पुत्री बुद्धा शामिल हैं।

एक साथ गांव की दो युवतियों की मौत की खबर पहुंचते ही मनकौटी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश देखा गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय कर घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.