Pilibhit News : व्यापारी हत्याकांड से बिलसंडा में आक्रोश, 24 घंटे में खुलासे की मांग

पीलीभीत। बिलसंडा कस्बे में कपड़ा व्यापारी एवं चेयरमैन के मामा पप्पू गुप्ता की सरेशाम गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना थाने से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

गुरुवार शाम करीब पांच बजे हुई वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी सामने आ रही है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया है, जो संदिग्धों की तलाश और जांच में जुटी हुई हैं।

यह भी पढ़े - चूका बीच 23वें दिन भी बंद, पर्यटन सत्र खत्म होने से पहले पर्यटकों की बढ़ी मायूसी

घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को कस्बे के अधिकांश बाजार बंद रहे। व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति कुछ शांत हुई। व्यापारियों और प्रशासन के बीच लगातार वार्ता जारी रही।

इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनमें घटना के समय पुलिस की मौजूदगी और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उधर, भाजपा विधायक विवेक वर्मा के पिता और पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा शुक्रवार सुबह बिलसंडा पहुंचे। उन्होंने मृतक के पुत्र श्यामू गुप्ता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष शैली अग्रवाल और उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एमए जिलानी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने अपराधियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने, बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की है।

व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे जिले में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.