- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बालिका गृह की बच्चियों को वितरित किए गए सेनेटरी पैड
मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बालिका गृह की बच्चियों को वितरित किए गए सेनेटरी पैड
बलिया। जिलाधिकारी एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशन में गुरुवार को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर निधरिया स्थित राजकीय बालिका गृह में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, बलिया तथा जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग के इंटर्न छात्र-छात्राओं द्वारा बच्चियों के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया।
बालिका गृह की अधीक्षिका अमिता रानी जैन ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सुरक्षित सेनेटरी पैड के उपयोग से कई प्रकार के संक्रमण एवं बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर पूजा सिंह ने बच्चियों को नियमित स्वच्छता अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं ने मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग से इंटर्नशिप कर रहे अविनाश सिंह नंदन, नितेश पाठक, खुशबू तिवारी, राधा पर्वत, रुचि वर्मा, गरिमा सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
