सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को डीएम सख्त, दुर्घटना स्थलों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, एंबुलेंस व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान हुई सभी सड़क दुर्घटनाओं का विवरण तैयार किया जाए। जहां-जहां हादसे हुए हैं, उन स्थानों को चिन्हित कर जांच के बाद एक सप्ताह के भीतर सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। बोर्ड पर दुर्घटना स्थल का नाम और दुर्घटना के प्रमुख कारण भी अंकित किए जाएं।

यह भी पढ़े - कैंची धाम जा रहे सात दोस्तों की इनोवा ट्रेलर में घुसी, बलिया समेत चार की मौत

डीएम ने जिले की सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मार्ग पर संचालित एंबुलेंसों की संख्या और उनके वाहन नंबरों की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने एनएच-31 सहित फेफना, माल्देपुर और अन्य स्थानों पर, जहां एंबुलेंस खड़ी रहती हैं, वहां सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन बोर्डों पर एंबुलेंस का नंबर, सीयूजी नंबर और चालक का नाम अनिवार्य रूप से अंकित होगा।

उन्होंने कहा कि जिस हाईवे पर दुर्घटना होती है, वहां संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी बोर्ड पर लिखा जाना चाहिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को समय पर सहायता मिल सके।

जिलाधिकारी ने आरटीओ को प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट और दोपहिया वाहनों में हेलमेट के प्रयोग की नियमित जांच करने को कहा गया।

इसके अलावा परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा संबंधी होर्डिंग लगाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि हाईवे के शुरुआती बिंदुओं सहित जिले की सभी प्रमुख सड़कों पर जागरूकता होर्डिंग लगाए जाएं, ताकि लोगों को यातायात नियमों की जानकारी मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में एडीएम अनिल कुमार, आरटीओ अरुण कुमार राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.