Pilibhit News : पड़ोसी दुकानदार को बचाने पहुंचे कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, व्यापारियों में आक्रोश

पीलीभीत। बिलसंडा कस्बे के बमरौली तिराहा पर पड़ोसी दुकानदार को बचाने पहुंचे कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेशाम हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और व्यापार मंडल ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को बकरीद पर्व के मद्देनजर पुलिस अलर्ट मोड पर थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे करीब आधा दर्जन हमलावरों ने बमरौली तिराहा पर एक साइकिल व्यापारी पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर उसे बचाने के लिए कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल पप्पू गुप्ता को इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े - Pilibhit News : व्यापारी हत्याकांड से बिलसंडा में आक्रोश, 24 घंटे में खुलासे की मांग

बताया जा रहा है कि घटनास्थल थाना बिलसंडा से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सीओ बीसलपुर विधि भूषण मौर्य मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस साइकिल व्यापारी पर हमला हुआ, उसका अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर संभावित आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

देर शाम पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव भी घटनास्थल पर पहुंचीं और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगराध्यक्ष मोहम्मद रेहान ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए गठित टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.