Lucknow News : UPSC की तैयारी कर रही युवती से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद ब्लैकमेल कर 35 हजार रुपये भी वसूले

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर चार साल पहले हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि 35 हजार रुपये भी वसूल लिए। पीड़िता के पिता की शिकायत पर हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित कुमार आगरा के गड़सान इलाके का रहने वाला है और हैंडीक्राफ्ट का काम करता है। करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, इसी दौरान आरोपी ने किसी तरह युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें हासिल कर लीं।

यह भी पढ़े - UP IAS Transfer List: यूपी में 40 IAS अधिकारियों के तबादले, 15 जिलों के DM बदले गए

इसके बाद आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर उसने युवती से 35 हजार रुपये भी वसूल लिए।

पीड़िता के अनुसार, 21 अप्रैल को आरोपी उसके फ्लैट में घुस आया। उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे कमरे में छोड़कर फरार हो गया।

घटना के अगले दिन यानी 22 अप्रैल की रात करीब 2 बजे युवती ने अपने पिता को फोन कर पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

हुसैनगंज थाने के एसएसआई सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.