Lucknow News: लोकभवन के सामने महिला के आत्मदाह के प्रयास को पुलिस ने विफल किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को लोकभवन के गेट नंबर तीन के पास एक महिला के आत्मदाह के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान संध्या सिंह (50) के रूप में हुई है, जो इंदिरा नगर क्षेत्र की निवासी है।

यह भी पढ़े - कानपुर : गुड फ्राइडे पर चर्चों में विशेष आराधना, श्रद्धालुओं ने याद किया यीशु का बलिदान

पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित बचा लिया।

इसके बाद संध्या सिंह को हजरतगंज थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई।

पूछताछ में महिला ने आरोप लगाया कि मानकनगर थाना क्षेत्र में उसकी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसने बताया कि सीमांकन के संबंध में उसने राजस्व विभाग में कई शिकायतें दी थीं।

पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि 16 फरवरी को पुलिस की मौजूदगी में राजस्व विभाग ने जमीन की पैमाइश कराई थी, लेकिन वह उससे संतुष्ट नहीं है।

महिला का आरोप है कि उसकी जमीन पर इकबाल नामक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है, जिसके खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई चाहती है।

पुलिस ने बताया कि महिला ने इससे पहले भी 27 फरवरी को लोकभवन के पास आत्मदाह का प्रयास किया था। उस समय भी पुलिस ने उसे बचाकर मानकनगर थाने के हवाले किया था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मानकनगर थाने द्वारा राजस्व विभाग के साथ पत्राचार कर कानूनी समाधान की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।

बयान में कहा गया कि फिलहाल पुलिस महिला को उचित परामर्श दे रही है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर मामले के त्वरित कानूनी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.