- Hindi News
- भारत
- अदाणी ने अमेरिकी अदालत से एसईसी का प्रतिभूति धोखाधड़ी मुकदमा खारिज करने की अपील की
अदाणी ने अमेरिकी अदालत से एसईसी का प्रतिभूति धोखाधड़ी मुकदमा खारिज करने की अपील की
न्यूयॉर्क, (भाषा)। उद्योगपति Gautam Adani और उनके भतीजे Sagar Adani ने अमेरिकी अदालत से प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) द्वारा दायर प्रतिभूति धोखाधड़ी मुकदमे को खारिज करने का अनुरोध किया है।
अदालत को भेजे गए आवेदन-पूर्व पत्र में कहा गया है कि 2021 में अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) द्वारा जारी 7.5 करोड़ डॉलर के बॉन्ड की बिक्री से जुड़े एसईसी के दावे कई कानूनी आधारों पर त्रुटिपूर्ण हैं।
यह मुकदमा नवंबर 2024 में दायर किया गया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि बॉन्ड निवेशकों को कथित रिश्वत योजना की जानकारी नहीं दी गई थी।
अदाणी पक्ष ने अदालत से कहा कि न तो गौतम अदाणी और न ही सागर अदाणी का अमेरिका से पर्याप्त संपर्क था और न ही वे बॉन्ड पेशकश में सीधे तौर पर शामिल थे। उनके अनुसार, बॉन्ड का लेन-देन अमेरिका के बाहर हुआ था और 2024 में इसका पूरा भुगतान भी कर दिया गया।
वकीलों ने ESG, भ्रष्टाचार-रोधी और कॉरपोरेट प्रतिष्ठा से जुड़े एसईसी के बयानों को सामान्य कॉरपोरेट प्रचार बताते हुए कहा कि इन्हें निवेश योग्य ठोस आश्वासन नहीं माना जा सकता।
अदाणी पक्ष ने अमेरिकी अदालत से पूरे मुकदमे को खारिज करने की अपील करते हुए कहा है कि वे आवेदन-पूर्व सुनवाई में उपस्थित होने के लिए तैयार हैं।
