असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रचार थमा, नौ अप्रैल को मतदान

नई दिल्ली। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की विधानसभाओं के नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम थम गया। असम में 126, केरल में 140 और पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए गुरुवार को एक ही चरण में मतदान होगा।

इन राज्यों में 23 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच हुई थी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 26 मार्च थी।

यह भी पढ़े - राजस्थान में छह अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के आसार

चुनाव आयोग के दिशानिर्देश के अनुसार अब रैली, रोड शो और प्रदर्शन नहीं किए जा सकेंगे। दूरदर्शन, रेडियो और सिनेमा हॉल में भी राजनीतिक प्रचार पर रोक रहेगी।

असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा के नेतृत्व में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी एक और कार्यकाल के लिए पूरा जोर लगा रही है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भाजपा को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।

केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच पारंपरिक मुकाबला है। वाम मोर्चा लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहने की कोशिश में है, जबकि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा सत्ता में वापसी के लिए मैदान में है।

पुडुचेरी में सभी सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ मोर्चे को चुनौती दे रहा है। क्षेत्रीय दल भी कई सीटों पर प्रभाव डाल सकते हैं।

राज्य स्तरीय नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय नेताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने-अपने दलों के प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार प्रचार किया।इन विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना चार मई को होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.