चंद्रशेखर हॉफ मैराथन में देशभर के धावकों का उत्साह, 19 अप्रैल को बलिया में होगा आयोजन

बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृतियों को अक्षुण्ण रखने तथा युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 अप्रैल 2026 को बलिया में आयोजित होने जा रहे चंद्रशेखर हॉफ मैराथन के सातवें संस्करण को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। चंद्रशेखर जयंती के शताब्दी वर्ष में आयोजित इस हॉफ मैराथन के लिए वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन जारी है, जिस पर देश के विभिन्न हिस्सों से धावक पंजीकरण करा रहे हैं।

चंद्रशेखर मैराथन समिति के सचिव उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक अप्रैल 2026 से वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ है। अब तक 253 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग करने के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि अब तक हुए पंजीकरण में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के धावक शामिल हैं।

यह भी पढ़े - मुजफ्फरनगर में स्कूल बस और बाइक की भीषण टक्कर, दो बच्चों समेत तीन की मौत

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जनपदों, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी खिलाड़ी लगातार रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। समिति के अनुसार, कुछ विदेशी खिलाड़ियों ने भी आयोजन समिति से संपर्क कर आने की इच्छा जताई है।

जनपद के प्रतिभागियों की सुविधा के लिए ज्ञान कुंज एकेडमी बंशी बाजार, सनबीम स्कूल अगरसंडा, आरके मिशन स्कूल सागरपाली, गौरी भैया महाविद्यालय सागरपाली, डीएस मेमोरियल स्कूल रतसर, महात्मा गांधी विद्यापीठ सुखपुरा और वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में रजिस्ट्रेशन केंद्र बनाए गए हैं, जहां खिलाड़ी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। सातवें संस्करण के लिए समिति के संरक्षक और सांसद नीरज शेखर पहले ही पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा कर चुके हैं, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावकों में इस आयोजन को लेकर आकर्षण बढ़ा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.