Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले, प्रयागराज महाकुंभ सहकारिता का अनूठा उदाहरण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 की शुरुआत की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रयागराज महाकुंभ सहकारिता का सबसे उत्कृष्ट और अनूठा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 की शुरुआत करने वाला देश का पहला राज्य है।

सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सुलतानपुर में 5,000 और कौशांबी में 15,000 मीट्रिक टन के गोदामों का उद्घाटन कर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने ‘रन फॉर कॉरपोरेशन’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

यह भी पढ़े - UP News: यूपी में शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 जिलों के बीएसए बदले गए

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रयागराज में गणतंत्र दिवस के दिन लगभग ढाई से तीन करोड़ लोगों ने पवित्र संगम में स्नान किया। यह आयोजन सहकारिता के आधार पर सफल हुआ है और यह आपसी सहभागिता का बेहतरीन उदाहरण है। भारत के संस्कारों और परंपराओं में सहकारिता की भावना गहराई तक समाई हुई है।”

गणतंत्र दिवस पर नमन और सहकारिता का संदेश

मुख्यमंत्री ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सभी ज्ञात और अज्ञात वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा, “सहकार का ही एक परिवर्तित रूप सहकारिता है। यदि एक आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है, तो सहकारिता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सहकारिता आंदोलन देश में नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। पहली बार देश में सहकारिता मंत्रालय का गठन हुआ और इसका नेतृत्व गृहमंत्री अमित शाह को सौंपा गया। यह आंदोलन देशभर में किसानों, महिलाओं और युवाओं को सहकारिता अभियान से जोड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में सहकारिता आंदोलन ने एक नई दिशा पकड़ी है। उन्होंने सहकारिता बैंकों को डिजिटल भुगतान की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि इससे किसानों और युवाओं को अधिक लाभ मिल सके।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.