होली से पहले यूपी के कर्मचारियों को राहत, 1 मार्च को मिलेगा वेतन; 3 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश

लखनऊ। होली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सभी श्रेणी के कर्मचारियों को शनिवार, 1 मार्च को वेतन और मानदेय का भुगतान किया जाएगा। इसमें राज्यकर्मी, शिक्षक, निगम कर्मचारी, आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदाकर्मी और सफाईकर्मी शामिल हैं।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर वेतन, मानदेय और पेंशन भुगतान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। इससे कर्मचारियों को होली के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यह भी पढ़े - बलिया में सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत, बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक

इसके साथ ही राज्य सरकार ने होली के अवसर पर 3 मार्च को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पहले होली का अवकाश 2 और 4 मार्च को घोषित था। अब 2, 3 और 4 मार्च—तीन दिन लगातार अवकाश रहेगा। इसके बदले शनिवार को सभी सरकारी कार्यालय, बैंक और कोषागार सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार को देखते हुए कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। आदेशों का पालन न करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार के इस निर्णय से विशेष रूप से उन कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जो दूसरे जनपदों में तैनात हैं और त्योहारों पर ही परिवार के साथ समय बिता पाते हैं। लगातार तीन दिन के अवकाश से वे अपने घर जाकर होली मनाने में सक्षम होंगे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.