लखनऊ में नशे में धुत बड़े भाई ने सोते समय छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ: बंथरा थाना क्षेत्र के खांडेदेव गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। रविवार रात नशे में धुत बड़े भाई ने सोते समय लोहे की रॉड से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को घर से ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार खांडेदेव गांव निवासी मजदूर आलोक गौतम उर्फ गोलू (24) रविवार रात अपने बड़े भाई श्रवण कुमार के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। मां यशोदा देवी ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया।

यह भी पढ़े - बलिया में गैस एजेंसी पर छापा, 1015 भरे सिलेंडर गायब; मैनेजर पर मुकदमा

रात करीब 11 बजे श्रवण पीछे के रास्ते छोटे भाई के कमरे में पहुंचा और सोते समय उसके सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से आलोक की मौके पर ही मौत हो गई।

देर रात मां जब उसे जगाने कमरे में पहुंची तो वह खून से लथपथ पड़ा मिला। मां के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर बंथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह, एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी श्रवण कुमार को घर के अंदर से ही हिरासत में ले लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कहासुनी के दौरान छोटे भाई ने उसके साथ मारपीट की थी और मां को लेकर अपशब्द कहे थे, जिससे गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में पहले भी आरोपी का मां और भाई से विवाद होता रहा है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.