भारतीय सेना को मिली 2,000 स्वदेशी ‘प्रहार’ एलएमजी, 1 किमी तक मारक क्षमता

ग्वालियर: ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत देश में निर्मित 2,000 ‘प्रहार’ लाइट मशीन गन (LMG) की पहली खेप शनिवार को भारतीय सेना को सौंप दी गई। 7.62 मिमी कैलिबर की यह अत्याधुनिक एलएमजी अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस द्वारा ग्वालियर स्थित इसके लघु अस्त्र परिसर में तैयार की गई है।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक (खरीद) ए. अंबरासु, कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष राजवंशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंबरासु ने पहली खेप लेकर जा रहे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह भी पढ़े - अदाणी और Youth4Jobs ने ‘ग्लोबल एबिलिटी फोटोग्राफी चैलेंज 2026’ के लिए की साझेदारी

सीईओ आशीष राजवंशी ने बताया कि इस परियोजना को पूरा करने में करीब छह वर्ष लगे, लेकिन तय समयसीमा से 11 महीने पहले ही आपूर्ति शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले तीन वर्षों में पूरा ऑर्डर पूरा कर दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार इस एलएमजी के लिए कुल ऑर्डर लगभग 40,000 हथियारों का है।

अंबरासु ने निर्धारित समय से पहले आपूर्ति पर कंपनी की सराहना करते हुए कहा कि सरकार रक्षा क्षेत्र में निजी भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘प्रहार’ एलएमजी की प्रमुख विशेषताएं:

मारक क्षमता लगभग 1,000 मीटर

प्रति मिनट करीब 700 राउंड फायरिंग क्षमता

120 राउंड ड्रम मैगजीन और बेल्ट फीड दोनों विकल्प

कुछ ही सेकंड में रीलोड की सुविधा

वजन लगभग 8 किलोग्राम

जमीन, वाहन और हेलीकॉप्टर—तीनों से इस्तेमाल संभव

कम रिकॉइल, बेहतर नियंत्रण

गौरतलब है कि भारतीय सेना ने वर्ष 2019 में 40,000 से अधिक एलएमजी की खरीद का प्रस्ताव जारी किया था, जबकि इसका अनुबंध वर्ष 2024 में किया गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.