बाराबंकी में सड़क हादसों का कहर: दो की मौत, शिक्षिका समेत दो गंभीर घायल

बाराबंकी: जिले में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षिका समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के इसरौली गांव निवासी इरशाद (28) सोमवार सुबह फतेहपुर स्थित अपनी ससुराल से दो वर्षीय बेटी के साथ कार से घर लौट रहे थे। फतेहपुर-देवा मार्ग पर डडियामऊ गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पानी भरे खारजा में पलट गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने इरशाद को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़े - बलिया : हिंदू जागरण मंच के विधि प्रकोष्ठ का गठन, केशव नारायण पाण्डेय बने जिलाध्यक्ष

वहीं, रामनगर थाना क्षेत्र के रहटा मजरे पोखईपुरवा निवासी विक्रम गौतम (34) की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अयोध्या में मजदूरी करता था और गोण्डा से लौटते समय रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक अन्य हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधी आश्रम के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टाटा इलेक्ट्रिक कार ने बाइक सवार और स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में देवा रोड स्थित ग्लोबल स्कूल की शिक्षिका निशा सिंह (33) और मानपुर गांव निवासी पवन मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां शिक्षिका की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.