यूपी में सूखे तालाब से बोरी में मिलीं हड्डियां, सिर का कंकाल मिलने के बाद गांव में दहशत

सेहरामऊ दक्षिणी: गांव बरेंग में लगातार दूसरे दिन मानव अवशेष मिलने जैसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। शनिवार को सरसों के खेत में सिर का कंकाल मिलने के बाद रविवार को गांव के किनारे स्थित सूखे तालाब में एक बोरी में हड्डियां मिलने से सनसनी फैल गई।

सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बोरी में मिली हड्डियों को पहली नजर में बकरा, मुर्गी और अन्य पशु-पक्षियों की हड्डियां बताया और उन्हें मौके पर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया।

गौरतलब है कि शनिवार को गांव से कुछ दूरी पर सेवाराम के सरसों के खेत में मांस विहीन सिर का कंकाल और कुछ हड्डियां मिली थीं। ग्रामीणों ने दांतों की बनावट और ब्लाउज के आधार पर आशंका जताई कि यह 31 जनवरी से लापता पूर्व प्रधान की पत्नी का हो सकता है। इस मामले में पहले ही गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है।

रविवार सुबह ग्रामीणों ने फिर से खोजबीन शुरू की, तो सूखे तालाब में पड़ी एक बोरी में साफ-सुथरी हड्डियां मिलीं। ग्रामीणों का दावा है कि ये हड्डियां इंसानी हैं, जबकि पुलिस ने इसे पशु-पक्षियों की हड्डियां बताया। इसी को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि हड्डियों की वैज्ञानिक जांच करा ली जाती, तो स्पष्ट हो जाता कि ये मानव अवशेष हैं या नहीं। बिना जांच दफनाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

इस बीच पूर्व प्रधान ने समर्थकों के साथ गांव के कई स्थानों पर खुदाई भी कराई। आशंका जताई जा रही है कि यदि सिर का कंकाल लापता महिला का है तो धड़ कहीं और गाड़ा गया हो सकता है। हालांकि अभी तक इस दिशा में कोई सफलता नहीं मिली है।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को मिले सिर के कंकाल का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और उसकी डीएनए जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दो माह से लापता महिला के मामले को ध्यान में रखते हुए कई बिंदुओं पर जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

बलिया में सर्वजन सनातन पार्टी-ब्राह्मण मंच की संयुक्त बैठक, संगठन विस्तार और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा बलिया में सर्वजन सनातन पार्टी-ब्राह्मण मंच की संयुक्त बैठक, संगठन विस्तार और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
बलिया: शहर के नारायणी टाकीज कैंपस में रविवार को सर्वजन सनातन पार्टी और विश्वव्यापी ब्राह्मण एकता मंच की संयुक्त बैठक...
यूपी में सूखे तालाब से बोरी में मिलीं हड्डियां, सिर का कंकाल मिलने के बाद गांव में दहशत
सुलतानपुर प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा, शूटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
बलिया: दहेज हत्या में पति को 8 साल की सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना
बलिया एसपी का एक्शन: मनियर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, एसआई अजय कुमार त्रिपाठी को मिली कमान
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.